मर्चेट नेवी ऑफिसर के घर में नौकरानी ने डलवाई थी डकैती, छह गिरफ्तार

पंखिया गिरोह ने डकैती की घटना को दिया था अंजाम

ग्रेटर नोएडा : थाना बीटा 2 पुलिस ने मर्चेट नेवी ऑफिसर के घर में हुई डकैती का खुलासा करते हुए नौकरानी सहित छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। घर की नौकरानी ने ही डकैती की घटना को अंजाम दिलवाया था। पुलिस का दावा है कि पंखिया गिरोह ने इस डकैती की घटना को अंजाम दिया था। इनके कब्जे से घर से लूटा हुई ज्वेलरी नकदी व अन्य सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक बीती 5 सितम्बर को थाना बीटा 2 क्षेत्र के सेक्टर बीटा 1 में मर्चेट नेवी ऑफिसर सर्वज्ञ जैन के घर पर बदमाशों ने परिवार वालों को बंधक बनाकर डकैती की घटना को अंजाम दिया था। करीब 2 घंटे तक परिवार को बंधक बनाकर इन लोगों ने डकैती की थी और घर का सामान लूट कर फरार हो गए थे। इस डकैती की घटना के बाद पूरे सेक्टर में हडक़ंप मच गया था। घटना के बाद पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई। करीब 14 दिन बाद पुलिस ने इस डकैती की घटना का खुलासा किया है। खुलासा करते हुए पुलिस को पता चला कि मर्चेंट नेवी ऑफिसर के घर में 8 वर्षों से मेड का काम करने वाली नौकरानी ने ही इस पूरी घटना को रचा था। उसी ने घर के सामान और घर की जानकारी दी थी। इस घटना में एक और नौकर अमन भी शामिल था। इन लोगों ने घर के सामान की जानकारी अमन के पिता झंकार को दी। जिसने पंखिया गिरोह के साथ मिलकर डकैती की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने नौकरानी सहित छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान नौकरानी सीमा,पिंकी ,अमन ,झंकार संदीप और राहुल निवासी शाहजहांपुर के रूप में हुई है। यहां पर ये केवल इस डकैती को ही डालने के लिए आए थे डकैती डालने के बाद यह वापस शाहजहांपुर चले गए।
पंखिया गिरोह को डकैती के लिए झंकार ने किया तैयार
दरअसल शाहजहांपुर के डकैतों के बड़े गिरोह पंखिया गिरोह को इस डकैती की घटना के लिए झंकार ने तैयार किया था। पुलिस ने इन लोगों के लिए शाहजहांपुर और फर्रुखाबाद में दबिश दी। जहां से पता चला की ये लोग सोने को बेचने की फिराक में है। जिसके बाद पुलिस ने इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि नौकरानी सहित छह बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से घर से लूटा हुई ज्वेलरी नकदी व अन्य सामान बरामद किया गया है। अभी भी कई डकैत फरार है। उनकी तलाश की जा रही है। इन सभी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *