राष्ट्रीय महिला आयोग की महिला महा जनसुनवाई, 200 महिलाओं की शिकायतें सुनी गईं

0
100

NOIDA NEWS: गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा गुरूवार को ‘राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम के तहत दो दिवसीय महिला महा जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य मकसद महिलाओं की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान और उन्हें न्याय दिलाना है। पहले दिन 200 पीडि़त महिलाओं की सुनवाई हुई। यह सुनवाई 14 नवंबर 2025 को भी जारी रहेगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर, आयोग की सदस्य अर्चना मजूमदार, ममता कुमारी और डेलिना खोंगडुप तथा जिलाधिकारी गौतमबुद्ध नगर मेधा रूपम ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर डॉ. विजया रहाटकर ने अपने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग का लक्ष्य है कि देश की प्रत्येक महिला को न्याय, सम्मान और समान अवसर मिले। राष्ट्रीय महिला आयोग आपके द्वार कार्यक्रम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे महिलाओं की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनकर उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई के माध्यम से आयोग सीधे तौर पर उन महिलाओं तक पहुँच रहा है जो किसी कारणवश अपनी शिकायत उच्च स्तर तक नहीं पहुँचा पातीं। यह कार्यक्रम महिलाओं को न केवल सशक्त बनाता है बल्कि उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक भी करता है।
कार्यक्रम में जिले की विभिन्न संस्थाओं से जुड़ी महिला प्रतिनिधियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों एवं छात्राओं ने भाग लिया। दो दिवसीय इस जनसुनवाई में घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर उत्पीडऩ, संपत्ति विवाद, विवाह संबंधी प्रकरण, भरण-पोषण और साइबर क्राइम से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई पहले दिन हुई। इस दौरान शिकायत निवारण के साथ-साथ महिलाओं को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों और आत्मनिर्भरता से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।