दिनदहाड़े बदमाशों ने की गोली मार कर हत्या

0
3

GREATER NOIDA NEWS: ग्रेटर नोएडा में हुई हत्या की खौफनाक वारदात ने हर किसी को हिला कर रख दिया है। नितिन नागर को पहले दिनदहाड़े करीब से गोलियां मारीं और फिर चाकू से गोद डाला। इस खूनी वारदात से पूरे गांव में दहशत फैल गई है।
करीब डेढ़ साल पहले ईकोटेक प्रथम कोतवाली के अंतर्गत लुक्सर गांव में लाइटिंग के विवाद में विनय की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में नितिन मुख्य आरोपी था। जमानत पर बाहर आए नितिन की मंगलवार को कोर्ट में गवाही होनी थी, लकिन कोर्ट पहुंचने से पहले ही उसे मौत की नींद सुला दिया गया।
मामूली कहासुनी कैसे खूनी वारदात में बदली? इन दो हत्याओं के पीछे सिर्फ मामूली कहासुनी थी। दरअसल, लुक्सर गांव में रेल पटरी लाइन के पास बाजार लगता है। इस बाजार में नितिन और विनय बैटरी सप्लाई करने का काम करते थे। इसी बीच बैटरी सप्लाई को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के चलते डेढ़ साल पहले विनय की हत्या कर दी गई थी। वहीं, अब विनय हत्याकांड के मुख्य आरोपी नितिन नागर की मंगलवार को दिनदहाड़े गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। आरोपियों ने गोलियां मारने के बाद चाकू से भी ताबड़तोड़ वार किए।
पत्नी के सामने दौड़ा-दौड़ाकर मारी गोलियां: लुक्सर गांव में मंगलवार को दिन दहाड़े सचिन समेत तीन लोगों ने पत्नी स्वेता की आंखों के सामने पति नितिन नागर (30) की गली में दौड़ा-दौड़ा कर गोलियों और चाकू से करीब छह वार कर निर्मम हत्या कर दी। घटना के समय रास्ते में छह से सात बच्चे थे, फिर भी आरोपी फायरिंग करते रहे। पति को बचाने पहुंची पत्नी पर भी पिस्टल तान कर खौफजदा कर दिया। गोलियां चलने से गाली में मौजूद लोगों ने भागकर खुद को बचाया। वारदात को अंजाम देकर हत्यारोपी भाग निकले। वहीं, पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।
हत्या की वारदात लुक्सर गांव में सुबह करीब 10 बजे की है। नितिन नागर पुत्र स्व. फिरेलाल आरओ पानी प्लांट और ई-रिक्शा की एजेंसी का संचालन करता था। 17 अगस्त 2024 में गांव निवासी विनय की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। पांच के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज था। इसमें नितिन नागर मुख्य आरोपी था। पुलिस ने उसे जेल भेजा था।
पिछले वर्ष रक्षा बंधन से तीन दिन पहले नितिन जेल से जमानत पर बाहर आया था। उक्त मामला अदालत में लंबित है। पत्नी स्वेता के मुताबिक, मंगलवार को पुराने मामले में गौतमबुद्ध नगर की अदालत में पति की गवाही होनी थी। इसी के चलते वह तैयार होकर पास की गली में दोस्त के घर गए थे।
10 बजे घर से निकले थे नितिन: बताया कि करीब 10 बजे दोस्त के घर से निकल कर मुख्य रास्ते पर अपने घर की तरफ जा रहे थे। रास्ते में छह से सात बच्चे भी खेल रहे थे। इसी बीच दूसरी गली से गांव निवासी सचिन समेत तीन आरोपी पिस्टल व चाकू लेकर निकले। एक आरोपी ने पास में पहुंच कर नितिन पर गोली चला दी। झुक कर गोली से बच कर नितिन घर की तरफ भागे। तभी दूसरे आरोपी ने गोली चला दी।
वहीं, घर के सामने नाली में पैर जाने से नितिन गिरा और उठकर भागने का प्रयास किया। तभी दो आरोपियों ने उसे दोबारा गिरा दिया। एक आरोपी ने दोबारा पिस्टल लोड कर चार गोलियां मारीं, पीछे से पहुंचे तीसरे आरोपी ने गर्दन समेत अन्य हिस्सों पर चाकू से वार कर मरणासन्न कर दिया।
गोलियों की आवाज सुनकर दौड़ी पत्नी: उधर, गोलियों की आवाज सुनकर पत्नी स्वेता घर का गेट खोल कर बाहर निकली तो एक आरोपी ने उस पर पिस्टल तान दी। इससे डर कर वह दुबक गईं, इसी बीच आरोपी घटना को अंजाम देकर भाग निकले। पत्नी के शोर मचाने पर पहुंचे परिजनों ने खून से लथपथ नितिन को अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एडीसीपी सुधीर कुमार ने बताया तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।