- कंपनी की गाडिय़ां और कीमती सामान बेचने के आरोप में 2 गिरफ्तार
NOIDA NEWS: नोएडा की थाना फेस-1 पुलिस ने एक कंपनी से वाहन और कीमती सामान का गबन करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 2 करोड़ 10 लाख रुपये का चोरी का सामान बरामद किया है।बरामद किए गए सामान में तीन कैंटर, एक टाटा इंट्रा और अन्य कीमती वस्तुएं शामिल हैं। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों महफूज खान और अखिलेश को पक्षी विहार के अंडरपास के पास से पकड़ा।
दरअसल, एक महिला इवेंट मैनेजमेंट कंपनी चलाती हैं। उन्होंने 11 दिसंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि उनकी कंपनी के तीन कैंटर और एक टाटा इंट्रा, जो कीमती सामान से भरे हुए थे, उन्हें कुछ अज्ञात लोग बैंक की ईएमआई टूटने का बहाना बनाकर लूट ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए एक टीम गठित की। पुलिस जांच में सामने आया कि यह पूरी योजना कंपनी के पूर्व कर्मचारी महफूज खान ने बनाई थी। आरोपी महफूज खान पहले कंपनी को ट्रांसपोर्ट सेवाएँ प्रदान करता था, जबकि आरोपी अखिलेश चालक के रूप में काम करता था। नोएडा की एडिशनल डीसीपी शैव्या गोयल ने बताया कि महिला के पति की मृत्यु के बाद आरोपियों को लालच आ गया। उन्होंने कंपनी के वाहनों को गायब कर दिया। 11 दिसंबर को आरोपी महफूज खान ने कंपनी को झूठी सूचना दी कि अज्ञात व्यक्तियों ने सामान से भरा ट्रक छीन लिया है। आरोपियों ने पहले ही कंपनी के दो कैंटर और एक टाटा इंट्रा को छिपा लिया था और वर्तमान मालिक को बैंक द्वारा वाहन की किस्त टूटने पर खींचकर ले जाने की झूठी जानकारी दी थी। वे सामान से भरे कैंटर और अन्य सभी वाहनों को कहीं और बेचने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उनकी योजना को अंजाम देने से पहले ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया।






