JK Accident: उधमपुर में बड़ा हादसा, CRPF का ट्रक खाई में गिरा, तीन जवानों की मौत, कई घायल

Jammu and Kashmir : जम्मू- कश्मीर के उधमपुर जिले में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया। जहां केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। जिसमें 3 जवानों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हालांकि अभी हादसे की सटीक वजह पता नहीं चल सकी है।पुलिस ने बताया कि घायल जवानों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया है।


केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने ट्वीट किया कि उधमपुर में कंदवा-बसंतगढ़ क्षेत्र में सीआरपीएफ का एक वाहन दुर्घटना का शिकार हो गया। इस हादसे में कुछ जवानों के बलिदान की खबर सुनकर व्यथित हूं। वाहन में सीआरपीएफ के कई बहादुर जवान सवार थे। मैंने अभी-अभी डीसी सलोनी राय से बात की है, जो व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रही हैं और मुझे जानकारी दे रही हैं। बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिए गए हैं। स्थानीय लोग स्वेच्छा से सहायता के लिए आगे आए हैं। हर संभव मदद सुनिश्चित की जा रही है।”
बसंतगढ़ से लौट रहे थे जवान: अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर (Udhampur CRPF Accident) जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का वाहन सड़क से फिसलकर नाले में जा गिरा। इससे तीन जवानों की मौत हो गई और 15 घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब 10:30 बजे कदवा इलाके में हुई। उस समय जवान बसंतगढ़ से एक ऑपरेशन से लौट रहे थे। वाहन में अर्धसैनिक बल की 187वीं बटालियन सवार थी।