SIR के बहाने NRC लागू किया जा रहा: अखिलेश यादव

0
4

NOIDA NEWS: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज ग्रेटर नोएडा का दौरा किया। बिसरख में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। अखिलेश यादव ने कहा कि SIR (स्टेट आइडेंटिटी रजिस्टर) के बहाने NRC (राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर) लागू किया जा रहा है और भाजपा विपक्षियों के वोट काट रही है।
उन्होंने दावा किया कि 5 करोड़ से ज़्यादा SIR के फॉर्म दोबारा भरे जाएंगे। अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में हो रहे सभी गैरकानूनी कामों में भाजपा के लोग शामिल हैं।
कफ सिरप से जुड़े मामले पर अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं होगी क्योंकि उत्तर प्रदेश में न्याय बुलडोजर दिला रहा है, लेकिन कफ सिरप मामले में बुलडोजर का ड्राइवर चाबी लेकर चला गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में शामिल सभी लोग एक ही जाति के हैं, और एसटीएफ में भी वही लोग हैं, इसलिए कार्रवाई नहीं होगी। 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर बोलते हुए यादव ने कहा कि इस बार ‘बाबा’ (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) विदा होने वाले हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि दुनिया के कई बड़े देशों में बैलेट पेपर से चुनाव होते हैं। बिसहाड़ा गांव में आरोपियों से केस वापसी के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री अपने गंभीर मामलों को वापस ले सकते हैं, तो यह मामला क्या है। किसानों के मुद्दों पर अखिलेश यादव ने वादा किया कि अगर उनकी सरकार सत्ता में आती है, तो किसानों से संबंधित सभी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। फिल्म सिटी के निर्माण पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को फिल्म सिटी बनाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उनकी सरकार में ही कई ‘कलाकार’ मौजूद हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रेटर नोएडा की गंदगी नदियों के माध्यम से कन्नौज और फिर गंगा में मिलती है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि गंगा तो अभी तक साफ नहीं हुई, लेकिन उत्तर प्रदेश का बजट ज़रूर ‘साफ’ हो गया है।