तेज बारिश, 60 किलोमीटर प्रति घंटा से चली हवा

0
3

-दोपहर में छाया अंधेरा , लोगो को मिली गर्मी से राहत, 100 से ज्यादा पेड़ गिरे

NOIDA NEWS: 4 और 5 जून के लिए जारी किए गए येलो अलर्ट के बीच गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम अचानक बदल गया। दोपहर के समय आसमान पर घने काले बादल छा गए और कई इलाकों में दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया।
तेज आंधी, धूल भरी हवाओं और बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। सड़कों पर निकले लोगों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नोएडा के स्पेकट्रम मॉल के पास, फिल्म सिटी में कार पर पेड़ गिर गया। हालांकि किसी को चोट नहीं आई। इसके साथ ही सेक्टर-28, सेक्टर-6 , सेक्टर-51 में पेड़ गिरे। वहीं नोएडा की मुख्य सड़कों पर पेड़ गिरे।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 4 जून को दिल्ली-एनसीआर में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई थी। विभाग ने चेतावनी दी थी कि पूर्वाह्न और दोपहर के दौरान तेज सतही हवाएं चल सकती हैं तथा गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
70 किलोमीटर प्रति घंटा की रास्ता से चली हवा
मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची, जिससे पेड़ों की शाखाएं हिलती रहीं और कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ।
तापमान में आई गिरावट
आईएमडी के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 4 जून को अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान था। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
5 जून को भी येलो अलर्ट जारी
येलो अलर्ट के दूसरे दिन यानी 5 जून के लिए भी मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग के अनुसार इस दिन अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार सुबह, पूर्वाह्न और रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के कारण हुई बारिश
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम सुहावना बना रह सकता है। 6 जून को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इस दिन भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है, हालांकि कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं 7 जून को मौसम साफ रहने की संभावना है तथा अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।