झुग्गी में सिलेंडर फटा, दो बच्चों की मौत, चार झुलसे

0
96

Noida: थाना फेस 1 क्षेत्र के सेक्टर 8 जेजे कालोनी की डी 221 स्थित झुग्गी में रविवार तड़के घर में सिलेंडर फटने के बाद आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर में 12 साल बच्चे और 12 दिन की बच्ची की जिंदा जलने से मौत हो गई। वहीं घर में मौजूद चार सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। सूचना पर पुलिस और दमकल की गाडिय़ां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। पुलिस ने झुलसे हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना प्रभारी ध्रुव कुमार दुबे ने बताया कि अलीगढ़ के रहने वाले रिजवान करीब 25 वर्षों से जेजे कॉलोनी में रह रहे हैं। वह रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते है। शनिवार की रात झुग्गी में रिजवान उनकी पत्नी शबाना, बेटा अरमान 12 वर्षीय, दूसरा बेटा आहद आठ वर्षीय, 15 दिन पहले जन्मी बेटी अरीबा व उसकी रिश्तेदार निशा समेत छह लोग थे। रात करीब दो बजे जब सब सोए हुए थे, तभी तेज धमाके के साथ घर पर रखा गैस सिलेंडर फट गया और आग लग गई। थोड़ी ही देर में आग ने पूरी झुग्गी को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर मौजूद लोगों को पलक झपकने तक का मौका नहीं मिला। आग में 15 दिन का शिशु अरिबा और 12 वर्षीय अरमान की मौत हो गई, जबकि रिजवान, शबाना, आहद और निशा गंभीर रूप से झुलस गए। इनका सफदरगंज अस्पताल में इलाज चल रहा है। चारों की हालत गंभीर है।