NOIDA NEWS: सेक्टर-63 थाने की पुलिस ने राहगीरों से मोबाइल फोन छीनने और चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक गिरोह का सरगना है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्नेचिंग और चोरी के 31 मोबाइल फोन, एक चाकू और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की। पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल फोन छीनने के बाद उनका पासवर्ड तोड़कर पेटीएम और फोनपे के जरिए पीड़ितों के खातों से रकम अपने खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। इसके बाद मोबाइल फोन को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते थे।
डीसीपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान 23 वर्षीय पुष्पेंद्र और 19 वर्षीय ध्रुव के रूप में हुई। दोनों को हल्दीराम कट की ओर जाने वाली सर्विस रोड से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपी गाजियाबाद के कृष्णानगर बागू के रहने वाले हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बाइक से घूमकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते। उनका मोबाइल फोन छीनने के बाद उसका पासवर्ड तोड़कर उसमें मौजूद डिजिटल भुगतान ऐप का इस्तेमाल करते। बीते दिनों एक पीड़ित ने शिकायत दी थी कि दो बाइक सवार बदमाश उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। आरोपियों ने मोबाइल से लिंक बैंक खाते का इस्तेमाल कर 93,500 रुपये निकाल लिए। इस मामले में सेक्टर-63 थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित के बैंक खाते से ट्रांसफर किए गए 70 हजार रुपये को फ्रीज कराया। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पीड़ित का सैमसंग मोबाइल भी बरामद कर लिया। वारदात करने वाले आरोपी सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए थे।
कई लोगों को निशाना बनाया: पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने इसी तरीके से कई लोगों के मोबाइल छीने या चोरी किए। जब उनके पास बड़ी संख्या में मोबाइल जमा हो जाते तो वे उन्हें अपनी मजबूरी बताकर कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते। मोबाइल बेचने से मिलने वाली रकम को दोनों आपस में बांट लेते। आरोपी लोगों को डराने-धमकाने के लिए अपने पास चाकू रखते।
31 मोबाइल फोन बरामद: पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 31 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें 30 मोबाइल चोरी और स्नेचिंग के बताए गए, जबकि एक सैमसंग मोबाइल संबंधित मुकदमे से जुड़ा है। इसके अलावा पुलिस ने एक चाकू और बाइक भी बरामद की। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन के वास्तविक मालिकों की पहचान करने और गिरोह की अन्य वारदातों से इनके संबंध की जांच कर रही है।
दोनों आरोपियों पर पहले से मुकदमे दर्ज: ध्रुव गिरोह का सरगना है। उसके खिलाफ गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, चोरी का सामान रखने, मोबाइल स्नेचिंग और आर्म्स ऐक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। आरोपी पुष्पेंद्र के खिलाफ सेक्टर-63 थाने में चार मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी-स्नेचिंग के मोबाइल खरीदने वालों की भी जानकारी जुटा रही है।
मोबाइल फोन झपटने वाले गिरोह का पर्दाफाश
31 फोन और बाइक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार






