ग्रेटर नोएडा के KFC चिकन में मिला कीड़ा

-वीडियो सामने आने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच शुरू की, ग्राहक से भी पूछताछ

0
71

GREATER NOIDA: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौर सिटी मॉल स्थित KFC आउटलेट में डीप-फ्राइड चिकन के अंदर कीड़ा मिलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो रविवार को सामने आया, जिसके बाद चिकन की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा पर सवाल उठ गए हैं।
वायरल वीडियो के अनुसार, एक ग्राहक ने गौर सिटी मॉल के KFC आउटलेट से डीप-फ्राइड चिकन ऑर्डर किया था। ग्राहक का दावा है कि चिकन खाते समय उसे उसके अंदर कीड़ा दिखा। इसके बाद ग्राहक ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। इस मामले का संज्ञान लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने KFC आउटलेट पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सर्वेश कुमार ने बताया कि डीप-फ्राइड चिकन में कीड़ा मिलने का दावा करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद टीम ने संबंधित KFC स्टोर की चेकिंग की है। उन्होंने यह भी बताया कि वीडियो वायरल करने वाले व्यक्ति से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम KFC आउटलेट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं की गहराई से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।