MCD Election 2022: एमसीडी चुनाव को लेकर तारीखों का हुआ एलान, 4 दिसंबर को होगा मतदान, 7 को आएगा परिणाम

0
136

नई दिल्ली। दिल्ली में नगर निगम (MCD) के चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। दिल्ली चुनाव आयुक्त विजय देव ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की और बताया कि दिल्ली एमडीसी चुनाव की वोटिंग 4 दिसंबर को होगी और 7 दिसंबर को नतीजे आएंगे। सुबह 8 बजे से शाम साढ़े 5 बजे तक वोटिंग होगी। उन्होंने बताया कि आज से आचार संहिता लागू हो जाएगी। चुनाव प्रचार के लिए लगे होर्डिंग्स और बैनर हटा दिए जाएंगे।
विजय देव (दिल्ली राज्य चुनाव आयुक्त) ने बताया कि दिल्ली में परिसीमन प्रक्रिया जरूरी थी, ये लंबी प्रक्रिया है। हमने समय सीमा में परिसीमन प्रक्रिया को पूरा किया। मतदान केंद्रों की फिर से रूपरेखा तैयार की गई। दिल्ली नगर निगम के तहत 68 निर्वाचन क्षेत्र हैं, जिनमें 250 वार्ड निर्धारित किए गए हैं। 42 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित रहेंगी, जिनमें से 21 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। अन्य सीटें में से 104 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी। MCD के चुनावों में कुल 250 ARO होंगे। 2 हजार सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे। 68 जनरल ऑब्जर्वर तैनात होंगे। राज्य चुनाव आयोग ने MCD चुनावों की घोषणा करते हुए बताया कि, इन चुनावों में EVM मशीनों की मदद से वोटिंग की जाएगी।
अब मॉडल बुक ऑफ कंडक्ट की एक बुकलेट जारी की जाएगी। लाउडस्पीकर के उपयोग पर पर रोक रहेगी। लाउडस्पीकर का यूज करने के लिए परमीशन लेनी होगी। परमीशन लेने के बाद भी रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक लाउडस्पीकर नहीं बजा सकेंगे। दिल्ली में अवैध रूप से लगे होर्डिंग्स और पोस्टर्स के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।
उम्मीदवारों के नामांकन 68 स्थानों पर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक होंगे। एक कैंडिडेट चुनाव प्रचार में 8 लाख रुपए तक खर्च कर सकता है। पिछले चुनाव में खर्च सीमा 5.75 लाख रुपए थी।