सेक्टर-45 में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव

0
4

NOIDA NEWS: सेक्टर-45 स्थित सदरपुर कॉलोनी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर कॉलोनी में जगह-जगह आकर्षक सजावट, झांकियां और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस दौरान बच्चों में भी जन्माष्टमी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने घरों में राधा-कृष्ण का मनमोहक रूप धारण किया। कोई कान्हा बनकर मटकी और बांसुरी के साथ नजर आया तो कोई राधा के रूप में बेहद सुंदर दिखाई दिया। बच्चों के इन मनमोहक रूपों ने परिवार और आसपास के लोगों का मन मोह लिया।
कई परिवारों ने अपने घरों में भगवान श्रीकृष्ण की झांकी सजाई और बच्चों को कृष्ण-राधा के रूप में तैयार कर पूजा-अर्चना की। बच्चों की मनमोहक तस्वीरें और उनकी प्रस्तुतियां जन्माष्टमी के उत्सव का विशेष आकर्षण रहीं।
रात होते-होते पूरा सदरपुर कॉलोनी क्षेत्र भक्ति के रंग में रंग गया। भजन-कीर्तन और श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय श्रद्धालुओं ने “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारे लगाए और प्रसाद का वितरण किया।
जन्माष्टमी के इस पावन अवसर पर लोगों ने भगवान श्रीकृष्ण से परिवार और क्षेत्र में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।