व्यापार बंधु समिति की बैठक में व्यापारियों ने व्यापारिक एवं जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाया

NOIDA NEWS: व्यापारियों एवं आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के समाधान के उद्देश्य से व्यापार बंधु समिति की मासिक बैठक मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में डिप्टी कमिश्नर राज्य कर (प्रशासन) अजीत सिंह, एसीपी ट्रैफिक सेंट्रल नोएडा पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा जनपद के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा क्षेत्र की जनसुविधाओं, व्यापारिक आवश्यकताओं, यातायात व्यवस्था, जल निकासी, स्वच्छता, सुरक्षा तथा आधारभूत ढांचे से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई। व्यापारिक प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर अधिकारियों ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान के लिए दिशा-निर्देश भी दिए।
बैठक में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई के अध्यक्ष राम अवतार सिंह व चेयरमैन नरेश कुच्छल के निर्देश पर वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी के माध्यम से व्यापारियों एवं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषय प्रभावी ढंग से बैठक में रखा।
इस दौरान सेक्टर-64 नोएडा स्थित आदर्श परीक्षा केंद्र में लगाए गए जैमर के कारण मामूरा मार्केट के व्यापारियों एवं आसपास के व्यापारिक प्रतिष्ठानों को हो रही गंभीर परेशानियों को विशेष रूप से उठाया गया। मनोज भाटी ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि जैमर के कारण मोबाइल नेटवर्क एवं संचार व्यवस्था प्रभावित होने से व्यापारियों को दैनिक कार्यों में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है और इसका सीधा असर व्यापारिक गतिविधियों पर पड़ रहा है। यदि इसका शीघ्र व्यावहारिक समाधान नहीं किया गया तो व्यापारियों के सामने अपने प्रतिष्ठान अन्य स्थानों पर स्थानांतरित करने जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए व्यापारियों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के समन्वय से शीघ्र समाधान कराया जाना आवश्यक है।
हरौला जनरेटर मार्केट सहित कई स्थानीय समस्याएं उठीं: बैठक में हरौला जनरेटर मार्केट में स्थायी जल निकासी व्यवस्था कराने तथा व्यापारियों एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कराने की मांग रखी गई।
इसके साथ ही गांवों में वैज्ञानिक एवं सुव्यवस्थित कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था लागू करने तथा ग्राम मंगरौली-छपरौली, सेक्टर-168 में वर्षों से लंबित सीवर लाइन को शीघ्र चालू कराने का विषय भी प्रमुखता से उठाया गया।
व्यापारिक प्रतिनिधि प्रवीण सक्सेना ने आर्य नगर मार्केट की स्ट्रीट लाइट, जल निकासी एवं चोरी की घटनाओं से संबंधित समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। उन्होंने नागरिकों एवं व्यापारियों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए नोएडा प्राधिकरण के आधिकारिक (पूर्व ट्विटर) प्लेटफॉर्म को अधिक सक्रिय, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाने का सुझाव भी दिया।
भंगेल में अतिक्रमण एवं जल निकासी की समस्या पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश: बैठक में भंगेल पुलिस चौकी के पीछे ऑटो, रेहड़ी-पटरी एवं अन्य अस्थायी गतिविधियों के कारण सड़क पर होने वाले अतिक्रमण एवं यातायात जाम की समस्या भी अधिकारियों के संज्ञान में लाई गई। इसके साथ ही क्षेत्र में जल निकासी की समस्या का भी उल्लेख किया गया।
व्यापारिक प्रतिनिधियों ने कहा कि व्यापार बंधु समिति जैसे मंचों के माध्यम से प्रशासन और व्यापार जगत के बीच निरंतर संवाद स्थापित होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे जमीनी स्तर पर सामने आने वाली समस्याओं को समयबद्ध ढंग से संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समाधान की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
बैठक में यह भी रेखांकित किया गया कि व्यापारियों द्वारा उठाए गए मुद्दे केवल व्यापारिक हितों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे जनसुविधाओं, स्वच्छता, नागरिक सुरक्षा, पर्यावरण, सार्वजनिक स्वास्थ्य, यातायात व्यवस्था तथा जनपद के सुनियोजित विकास से सीधे जुड़े हुए हैं। इन समस्याओं का स्थायी एवं प्रभावी समाधान होने से व्यापारिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा तथा आम नागरिकों, व्यापारियों एवं निवेशकों को भी व्यापक लाभ मिलेगा।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई ने प्रशासन से अपेक्षा व्यक्त की कि बैठक में उठाए गए सभी विषयों पर समयबद्ध कार्रवाई करते हुए व्यापारियों एवं नागरिकों को शीघ्र राहत प्रदान की जाएगी।
मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जनसुविधाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, नोएडा इकाई के चेयरमैन नरेश कुच्छल, अध्यक्ष राम अवतार सिंह, वरिष्ठ महामंत्री मनोज भाटी, संदीप चौहान, दिनेश महावर, प्रवीण सक्सेना, ओमपाल शर्मा, अंकित कौशिक, प्रिंस राज सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
0FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles