GREATER NOIDA NEWS: यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार की शाम चलती लग्जरी कार में आग लग गई। कार में सवार चार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, कार पूरी तरह जल गई। सेक्टर ईकोटेक वन कोतवाली पुलिस के मुताबिक दिल्ली रोहिणी निवासी अनिल गुरुवार को अपने तीन दोस्तों के साथ गुरुग्राम से मथुरा दर्शन करने के लिए जा रहे थे। जब वह यमुना एक्सप्रेसवे पर जीरो प्वाइंट से करीब पांच किलोमीटर आगे पहुंचे तो उनकी लग्जरी कार के बोनट से धुआं निकलने लगा। ड्राइविंग कर रहे अनिल ने तुरंत कार को साइड में रोका।
इसी बीच चारों कार से बाहर निकल आए। इसके बाद अचानक कार में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार में आग लगने के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात को सुचारु कराया। कोतवाली प्रभारी अरविंद वर्मा ने बताया कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



