संपूर्ण समाधान दिवस में 164 शिकायतें पहुंचीं, 12 का निस्तारण

0
55

GREATER NOIDA NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 164 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने तहसील जेवर पहुंचकर जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण सभागार का फीता काटकर उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जेवर तहसील में कुल 75 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर शिकायतों की निष्पक्ष जांच करें तथा शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी रजनीकांत मित्तल, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार जेवर प्रतीक चौहान, एसीपी जेवर राजीव कुमार सिसोदिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं, दादरी तहसील में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 85 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से छह का मौके पर निस्तारण किया गया। सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में चार शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से दो का तत्काल समाधान कर दिया गया।