पुलिस ने दोपहिया वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

0
67

GREATER NOIDA NEWS: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना बिसरख पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एक आरोपित के कब्जे से अवैध चाकू भी मिला है।
एडीसीपी सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना बिसरख पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए गौर सिटी-2 स्थित 10th एवेन्यू की सर्विस रोड से कुशलवीर और सनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ और निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद कीं। वहीं, कुशलवीर के कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित नोएडा और दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न क्षेत्रों से दोपहिया वाहन चोरी करते थे। बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में दिल्ली-एनसीआर के अलग-अलग थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों का पता लगाने और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपितों में 25 वर्षीय कुशलवीर मूल रूप से अलीगढ़ जिले के छर्रा धनसारी गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में रह रहा था। दूसरा आरोपित 19 वर्षीय सनी गौतमबुद्धनगर के बिसरख क्षेत्र का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, कुशलवीर के खिलाफ गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर और दिल्ली में वाहन चोरी के कई मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं सनी के विरुद्ध भी गौतमबुद्धनगर और दिल्ली में वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं।
इस मामले में थाना बिसरख में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 317(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।