आम्रपाली ड्रीम वैली प्रोजेक्ट में लिफ्ट गिरने से चार मजदूरों की मौत

0
214

Greater Noida News: थाना बिसरख क्षेत्र की आम्रपाली ड्रीम वैली प्रोजेक्ट में शुक्रवार सुबह लिफ्ट गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जाती है। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना मिलते ही ग्रेटर नोएडा सीईओ एनजी रवि और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा जिला अस्पताल पहुंचे हैं।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की सुबह ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति के पास ड्रीम वैली प्रोजेक्ट में निर्माणाधीन साइट पर मजदूर काम कर रहे थे। अचानक पैसेंजर लिफ्ट गिर गई है। हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई। वहीं घायल पांच लोगों में से दो लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनका इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है। मृतकों की पहचान बिहार के रहने वाले इस्ताक, अरुण, विपोत मंडल, आरिस के रूप में हुई है। घायलों की पहचान अशुल,अब्दुल कुलदीप, कैफ और अरबाज के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मौके पर राहत और बचाव कार्य जारी है। बताया जा रहा है कि लिफ्ट में निर्माण सामग्री थी। साथ में मजदूर भी थे। अचानक लिफ्ट टूट गई और लिफ्ट नीचे जा गिरी। इस घटना में मारे गए मजदूरों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भजिवा दिए गए हैं।
10-11 मंजिल ऊपर से गिरी लिफ्ट: बताया जा रहा है कि यह लिफ्ट दस से ग्यारह मंजिल ऊपर से गिरी है। हादसे के समय 9 लोग सवार थे। लिफ्ट की मोटर ऊपर ही रह गई। लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई। नोएडा में सुबह से ही बारिश हो रही है। ऐसे में काम क्यों कराया जा रहा था, क्या लिफ्ट ओवरलोड थी। इन सब बिंदुओं पर जांच की जाएगी
सीएम ने दिए जांच के आदेश: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे का संज्ञान लिया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने दोषियों के खिलाफ जांच कर सख़्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए है। मुख्यमंत्री योगी ने निर्देश दिए हैं कि जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाएं।