पुलिस ने वाहन चोर गिरोह का किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार

0
50

NOIDA NEWS: कोतवाली सेक्टर-58 पुलिस ने लग्जरी वाहन चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की तीन लग्जरी कारें बरामद की हैं।
इनमें एक महिंद्रा थार, एक हुंडई क्रेटा और एक फोर्ड ईको स्पोर्ट शामिल है। एक आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद हुआ है। नोएडा जोन की एडीसीपी मनीषा सिंह ने बताया कि आरोपियों की पहचान उत्तराखंड के उधम सिंह नगर निवासी नीरज शर्मा और पश्चिम बंगाल के कूच विहार निवासी अजय सरकार के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को सेक्टर-54 स्थित खरगोश पार्क के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सर्विस सेंटर और शोरूम के बाहर खड़ी गाडिय़ों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही गार्ड रूम से चाबी चुराकर वाहन लेकर फरार हो जाते थे। इसके बाद चोरी की गाडिय़ों के इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ कर उन्हें असम बॉर्डर के डीलरों के जरिए मिजोरम और त्रिपुरा में बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, बरामद महिंद्रा थार को आरोपियों ने सेक्टर-59 स्थित कॉन्सेप्ट महिंद्रा शोरूम के बाहर से चुराया था। इस मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। बरामद ईको स्पोर्ट दिल्ली से चोरी की गई थी, जबकि क्रेटा कार के संबंध में वर्ष 2023 में दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज है। पूछताछ में यह भी पता चला है कि गिरोह अब तक अंतरराज्यीय बाजार में करीब 60 चोरी की गाडिय़ां बेच चुका है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी नीरज शर्मा के खिलाफ दिल्ली और नोएडा में वाहन चोरी, चोरी का माल रखने और आर्म्स एक्ट समेत 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अजय सरकार के खिलाफ भी पश्चिम बंगाल, दिल्ली और नोएडा में कई मामले दर्ज हैं।