210 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

0
288

नोएडा ,दिल्ली ,गाजियाबाद और बुलंदशहर में करते थे गांजा सप्लाई

दादरी। थाना दादरी पुलिस ने 210 किलो गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से बरामद गांजे की कीमत लगभग 25 लाख रुपए बताई जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करों के कब्जे से एक आईसर कैंटर व एक स्विफ्ट गाड़ी बरामद की है। पुलिस जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों को अन्य दो आरोपी गांजा देते थे। इसके बाद पकड़े गए आरोपी गांजे को नोएडा ,दिल्ली ,गाजियाबाद और बुलंदशहर में सप्लाई किया करते थे।
सेन्ट्रल नोएडा जोन एडीसीपी साद मियां खां ने बताया कि थाना दादरी पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि एक गोदाम पर भारी मात्रा में गांजे की खेप पड़ी है। जिसके बाद पुलिस ने पल्ला रोड पर बने कबाड़ के गोदाम पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से 210 किलो अवैध गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने मौके से दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया। जबकि दो लोग फरार हो गए। पकड़े गए तस्करों की पहचान चिटहेरा निवासी दीपक व नई आबादी निवासी शहजाद उर्फ सोनू के रूप में हुई। यह कबाड़ का गोदाम शहजाद का ही था। यह गांजा तस्कर बाहर से गांजा लाकर गोदाम में रखते थे। उसके बाद आसपास के क्षेत्रों में उसकी सप्लाई करते थे। पूछताछ में बताया कि नीरज और बंटी बाहर से गांजा लाया करते थे और उसको बाद हम इस गांजे को स्विफ्ट में रखकर नोएडा ,दिल्ली ,गाजियाबाद और बुलंदशहर में सप्लाई किया करते थे।
फरार तस्करों को पकडऩे के लिए बनाई गई टीम
डीसीपी अभिषेक वर्मा ने बताया कि फरार आरोपी नीरज और बंटी दक्षिण के कुछ राज्यों से गांजा लाकर दीपक और शहजाद को देते थे। इसके बाद दोनों आरोपी इसे दिल्ली एनसीआर के छोटे सप्लायरों को सप्लाई करते थे। आरोपियों ने पूछताछ में कुछ छोटे सप्लायरों के भी नाम बताएं हैं। इनकी पूरी चेन पर काम किया जा रहा है। पुलिस की दो टीम फरार नीरज और बंटी की तलाश में जुटी है।
पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
मादक पदार्थ (जैसे ड्रग्स, गांजा,शराब) की तस्करी रोकने के लिए गौतम बुध नगर पुलिस ने 8851065641 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। जिस पर जिले में कहीं भी हो रही अवैध तस्करी की सूचना वॉट्सऐप/कॉल के माध्यम से दी जा सकती है सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। जिले में अपराध पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने यह हेल्पलाइन नंबर जारी क्या है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here