संपूर्ण समाधान दिवस में 145 शिकायतें दर्ज, 11 का मौके पर निस्तारण

0
30

GREATER NOIDA: जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों—दादरी, जेवर और सदर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जनसामान्य की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में कुल 145 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 11 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष मामलों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
संपूर्ण समाधान दिवस के माध्यम से जनपद की तीनों तहसीलों में आमजन की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने शेष शिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण का आश्वासन दिया है।
शासन की मंशा के अनुरूप आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान सबसे अधिक शिकायतें तहसील दादरी में प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई में अपर आयुक्त मेरठ मंडल ने भी आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण की प्रगति का अनुश्रवण किया।
तहसील दादरी में कुल 81 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है और प्रत्येक शिकायत का निस्तारण गंभीरता, जवाबदेही तथा संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को स्वयं मौके पर जाकर शिकायतों की जांच करने तथा शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट करते हुए गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
वहीं, सदर तहसील में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 7 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 2 का मौके पर निस्तारण किया गया। जेवर तहसील में उप जिलाधिकारी दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 57 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 2 शिकायतों का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए भेजा गया।