NOIDA NEWS: विश्व जैन संगठन नोएडा के प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार सिटी मजिस्ट्रेट, गौतमबुद्ध नगर, अरविंद मिश्रा के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर आगामी 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर मांस विक्रय की दुकानों एवं पशुवधशालाओं को बंद रखने की मांग की।
विश्व जैन संगठन नोएडा के अध्यक्ष के के जैन ने कहा कि अनंत चतुर्दशी जैन समाज का अत्यंत पवित्र पर्व है। इस दिन जैन धर्मावलंबी उपवास, तप, साधना, स्वाध्याय एवं धार्मिक आराधना करते हैं। जैन धर्म में अहिंसा को सर्वोच्च धर्म माना गया है और जीव मात्र के प्रति दया एवं करुणा इसकी मूल भावना है।
उन्होंने कहा कि इस पवित्र अवसर पर मांस विक्रय एवं पशुवध से संबंधित गतिविधियां संचालित होने से समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। इसलिए विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अनंत चतुर्दशी के दिन उत्तर प्रदेश के नगर निगम क्षेत्रों में मांस विक्रय की दुकानों एवं पशुवधशालाओं को बंद रखने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि इस प्रकार का निर्णय किसी वर्ग के विरोध में नहीं, बल्कि धार्मिक भावनाओं के सम्मान, अहिंसा की भावना तथा सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से आशा व्यक्त की कि वे जैन समाज की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए इस संबंध में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेंगे। इस अवसर पर अध्यक्ष के के जैन, सचिव दिनेश महासचिव राहुल जैन प्रदीप जैन व हरीश जैन सहित समाज के अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।






