चोरी की बाइक के साथ पांच शातिर चोर गिरफ्तार

0
96

Greater Noida: दिल्ली-एनसीआर में वाहन चोरी कर देहात क्षेत्र में बेचने वाले गैंग का नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने वाहन चोर गैंग के पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। इनकी निशानदेही पर चोरी की गई पन्द्रह बाइक बरामद की हैं। इनमें अधिकांश बाइक ग्रेटर नोएडा से चोरी की गई थी।
ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने अंतर्जनपदीय वाहन चोर गैंग का खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान नीरज, विकास, चंचल, भूपेंद्र, और विनोद मिस्त्री निवासी अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह दिल्ली एनसीआर में वाहन चोरी कर अलीगढ़ के देहात क्षेत्र में बेचते थे। पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपियों ने आठ बाइक ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्र से चोरी की थी, जबकि एक बाइक गाजियाबाद और एक मथुरा से चोरी की थी। पांच बाइक अभी ट्रेस नहीं हो सकी है। पुलिस उनके बारे में जानकारी जुटा रही है कि यह बाइक कहां से चोरी की गई थी।
नॉलेज पार्क थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया पकड़े गए आरोपियों में एक आरोपी विनोद बाइक का मिस्त्री है। यह अपनी दुकान पर चोरी की बाइक के पार्ट्स बेचता था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक बाइक के कुछ पार्ट्स भी बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक एक आरोपी भूपेंद्र की अलीगढ़ में आइसक्रीम की छोटी सी फैक्ट्री है। फैक्ट्री में आइसक्रीम बेचने के लिए चलने वाले रिक्शे में आरोपी चोरी की बाइक के इंजन फिट कर देता था। आरोपी ने अपने साथियों से चोरी की बाइक सस्ते दाम में खरीदी थी।
पुलिस का कहना है कि इस गैंग ने दिल्ली-एनसीआर में 100 से अधिक बाइक चोरी की है। इनके खिलाफ गौतमबुद्ध नगर के अलावा मथुरा औऱ गाजियाबाद में भी वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज है। पुलिस इनके अन्य अपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है। इनके गैंग में शामिल आरोपियों के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।