NOIDA NEWS: जिले में नौ मई को लगने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए शनिवार को जनपद न्यायालय सभागार में बैठक हुई। जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारी इसमें मौजूद रहे। जनपद न्यायाधीश ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि वे वादों का पहले ही चिह्नित कर लें, जिससे अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण सुलह-सहमति के आधार पर किया जा सके।
लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम, वैवाहिक विवाद, दीवानी वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम से जुड़े मामले, एमवी एक्ट व ई-चालान, आर्बिट्रेशन, लघु शमनीय अपराध, धारा 138 एनआई एक्ट, विद्युत अधिनियम, भू-राजस्व, सेवा एवं पेंशन, श्रम मामलों के साथ-साथ प्री-लिटीगेशन स्तर पर बैंक ऋण, बिजली और बीएसएनएल बिल जैसे मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
प्रचार-प्रसार का निर्देश
बैठक में नोडल अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडेय को विशेष रूप से निर्देश दिए गए कि वह अपने अधीन आने वाले सभी विभागों में लंबित वादों की फाइलें समय से तैयार कराएं। सभी विभागों को लोगों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संपर्क विवरण भी जारी किए हैं।






