इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी को तैयारी जोर-शोर से शुरू

0
132

NOIDA NEWS: भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को तैयारी जोर-शोर से की जा रही है। इस्कॉन मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। महिलाएं भगवान के सुन्दर श्रृंगार के लिए फूल माला बनाने में लगी हुईं हैं। मंदिर की साज सज्जा के लिए वृन्दावन से फूल मंगाए गए हैं। इसके अतिरिक्त विदेशों से आए अलग-अलग प्रकार के रंग-बिरंगे फूलों का भी प्रयोग किया जाएगा।
मंदिर से जुड़ीं महिला भक्त भगवान के भोग के लिए 56 प्रकार के व्यंजन बनाने में जुटी हुई हैं। उसमें नमकीन, मिठाइयां, परांठे, कचौरी, खीर, केक, पिज्जा, पास्ता, वेरिटोज, टकोस इत्यादि सम्मिलित हैं। मंदिर को सुन्दर ढंग से सजाया जा रहा है। पूरे मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों और फूलों से सजाया गया है। भगवान का पंञ्चगव्य (दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस एवं पुष्प) से अभिषेक किया जाएगा। सभी के लिए पूरा दिन प्रसाद वितरित किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव में देश विदेश के भक्तों सहित लगभग पांच लाख लोगों के सम्मिलित होने की आशा है।
देश-विदेश के लाखों लोग पहुंचेंगे: सात सितम्बर की सुबह 4:30 से रात्रि 12 बजे तक मंदिर प्रांगण में भक्त दर्शन के लिए आ सकते हैं। इस साल मंदिर में देश-विदेश से लाखों भक्त सम्मिलित होने के लिए पहुंचेंगे। जन्माष्टमी के दिन भक्त, ऑनलाइन दर्शन भी कर सकते हैं। नोएडा के इस्कॉन मंदिर के फेसबुक और यूट्यूब चैनल पर ऑनलाइन दर्शन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
नोएडा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था की शुरू: नोएडा पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर अपनी तैयारी शुरू कर दी है। एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन करीब चार लाख लोगों के आने का अनुमान है। इस दिन इस्कॉन मंदिर के आसपास दो हजार से अधिक जवान तैनात किए जाएंगे। मंदिर के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगवाए जा रहे हैं। इन कैमरों की निगरानी के लिए एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। असामाजिक तत्वों के लिए सादे कपड़ों में जवानों की ड्यूटी लगाई जाएगी।