भव्य होगा श्री कृष्ण जन्माष्टमी का नजारा

0
97

Noida: आगामी 07 सितम्बर बृहस्पतिवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाया जा रहा है। इस उपलक्ष्य में इस्कॉन नोएडा में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आज 26 अगस्त को सांय 4 बजे से शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभा यात्रा सांय 4 बजे सेक्टर 18 स्थित गुरुद्वारे से प्रारम्भ होगी तथा अट्टा मार्केट, सब मॉल, डी एम चौक, स्टेडियम, चौड़ा चौक तथा अडोब चौक होते हुए सांय 7 बजे इस्कॉन नोएडा मन्दिर पहुंचेगी। पूरे रास्ते में हरिनाम संकीर्तन होगा, बच्चों की झांकियां होंगी, बैण्ड, घोड़े, हाथी तथा सभी को प्रसाद वितरित किया जाएगा।
भगवान को सुन्दर ठण्डी हवा प्रदान करने के लिए भक्तगण उन्हें प्रतिवर्ष झूले पर बिठाकर झूला झुलाते हैं। भगवान को झूला झुलाने से व्यक्ति के सभी पापों का नाश होता है तथा भगवान श्री राधा कृष्ण के प्रति प्रेम में वृद्धि होती है। अत: प्रेम के इस उत्सव को बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। पाँच दिनों तक चलने वाला यह उत्सव रविवार, दिनाँक 27 अगस्त, पवित्रोपण एकादशी के दिन प्रारम्भ होगा तथा बृहस्पतिवार दिनाँक 31 अगस्त, बलराम जयन्ती के दिन इसका समापन होगा।
बलराम पूर्णिमा बृहस्पतिवार 31 अगस्त को मनाया जाएगा। मुख्य उत्सव सांय काल में 6 बजे प्रारम्भ होगा। जिसमें भजन, कीर्तन, भगवान का अभिषेक, प्रवचन एवं सभी के लिए भरपेट प्रसादम की व्यवस्था की जाएगी। भगवान का पञ्च गव्य (दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस एवं पुष्प) से सुन्दर अभिषेक किया जाएगा। इस अवसर पर भगवान बलराम की लीलाओं का मंचन करते हुए एक विशेष नाटिका प्रस्तुत की जाएगी तथा मटकी फोड़ उत्सव का भी आयोजन किया जाएगा।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी बृहस्पतिवार दिनाँक 07 सितम्बर को मनाया जाएगा। इस उत्सव के लिए भक्तगण पिछले चार माह से तैयारियों में जुटे हुए हैं। पूरे मन्दिर की साफ सफाई एवं रंग रोगन किया जा रहा है। मन्दिर को सुन्दर ढंग से सजाया जा रहा है। भगवान के लिए भोग की सामग्री एकत्र की जा रही है। भगवान की सुन्दर पोशाक तैयार की जा रही है। पूरे मन्दिर को रंग बिरंगी लाइटों एवं फूलों से सजाया जाएगा। भगवान का पञ्च गव्य (दूध, दही, शहद, घी, फलों के रस एवं पुष्प) से सुन्दर अभिषेक किया जाएगा। भगवान को 108 प्रकार के देशी तथा विदेशी विभिन्न व्यंजन अर्पित किए जाएंगे जिसमें कईं प्रकार के खीर, हलवे, सब्जियों, स्नैक्स एवं केक सम्मिलित होंगे। भगवान का दर्शन पूरे दिन प्रात: 4:30 बजे से रात्रि 12 बजे तक खुला रहेगा। पूरे दिन भगवान के पवित्र नाम का कीर्तन होगा तथा सभी के लिए पूरा दिन प्रसादम वितरित किया जाएगा। मन्दिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जन सामान्य पार्किंग की व्यवस्था एडोब चौक, सैक्टर 25 के पास की गई है। विशेष निमंत्रण पत्रधारियों के लिए पार्किंग व्यवस्था नोएडा हाट के पास की जा रही है। इस वर्ष इस उत्सव में देश विदेश के भक्तों सहित लगभग पाँच लाख लोगों के सम्मिलित होने की आशा है।