महिलाओं से लूटपाट करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

0
91

Noida: थाना सेक्टर 20 पुलिस ने घरों में घुसकर महिलाओं से जूलरी लूटने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक सप्ताह पहले बुजुर्ग महिला से लूटी गई एक सोने की चेन (कीमत करीब दो लाख), 7700 रुपए नगद व जेवरात साफ करने के केमिकल की शीशियां बरामद की गई है।
नोएडा जोन डीसीपी हरीश चन्दर ने बताया कि थाना सेक्टर 20 पुलिस ने तीनों आरोपियों को सेक्टर 21/25 मार्केट के पास से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान उमेश गुप्ता, सुनील शर्मा व मनोज कुमार निवासी दिल्ली के रूप में हुई है। इनके कब्जे से सेक्टर 20 में बुजुर्ग महिला से लूटी सोने की चेन बरामद की गई है। आरोपी विजिटिंग कार्ड बनवाकर जूलरी साफ करने का केमिकल एवं पाउडर विक्रय करने के लिए पॉश एरिया में दिन के समय घरों में जाते थे। इसके बाद जिस घर में महिला अकेली मिलती तो उस टारगेट कर लेते थे। कुछ देर बाद आरोपी दोबारा उस घर में घुसकर महिला से आभूषण लूटकर फरार हो जाते थे। पकड़े गए आरोपियों ने नोएडा के थाना फेस-3 व थाना सेक्टर 58 के अलावा दिल्ली के थाना क्षेत्र सफदरजंग, मयूर विहार, अमर कालोनी, सकरपुर, बंसतकुंज, सरोजनी नगर, ज्योति नगर, गीता कालोनी, हौज खास, साकेत, बसंत कुंज नार्थ, में करीब एक दर्जन घटनाओं को अंजाम दे चुके है।
सीसीटीवी फुटेज से लगा आरोपियों का सुराब: डीसीपी ने बताया कि सेक्टर 20 में बुजुर्ग महिला से सोने की चेन लूटने के बाद आरोपी घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर इन बदमाशों की पहचान की। इसके बाद मुखबीर को एक्टिव करते हुए सर्विलांस शुरू की गई। जानकारी मिलते ही पुलिस ने इन तीनों को गिरफ्तार कर लिया।