पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने फहराया तिरंगा

0
17

NOIDA NEWS: गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लाइन्स में ध्वजारोहण किया।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने उपस्थित पुलिसकर्मियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा तथा सशक्त एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सर्वोच्च योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने अमर शहीदों के अद्वितीय बलिदान को नमन करते हुए उनके सपनों को साकार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान, पुलिस कमिश्नर ने उत्कृष्ट और सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही, शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को विशेष रूप से आमंत्रित कर भावपूर्ण सम्मान अर्पित किया गया।
पुलिस लाइन्स के अतिरिक्त, पुलिस आयुक्त कार्यालय, सेक्टर-108 में अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र ने ध्वजारोहण किया। कमिश्नरेट मुख्यालय, सूरजपुर में पुलिस उपायुक्त (सेंट्रल नोएडा) शैलेन्द्र कुमार सिंह ने भी झंडा फहराया और स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ दीं।
सम्मान समारोह में उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह, पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। ये सम्मान पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश की ओर से दिए गए। उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह उप निरीक्षक राकेश यादव (थाना बीटा-2) को प्रदान किया गया। वहीं, सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह निरीक्षक उमेश चंद्र नैथानी (प्रभारी मीडिया सेल/आईजीआरएस सेल, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर) को मिला।
शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह (स्वर्ण) मुख्य आरक्षी रवि कुमार (थाना साइबर क्राइम) को दिया गया।
सेवाभिलेख के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह (रजत) प्राप्त करने वालों में सब इंस्पेक्टर बृजेंद्र सिंह (थाना बिसरख), चेतन सिंह (थाना नॉलेज पार्क), यशपाल सिंह (थाना सेक्टर-63), जीवन सिंह यादव (थाना एक्सप्रेसवे), सर्वेश कुमार (थाना सेक्टर-39), सुभाष चंद्र (थाना सेक्टर-58) और रामबल सिंह (थाना बिसरख) शामिल हैं।
शौर्य के आधार पर पुलिस महानिदेशक प्रशंसा चिन्ह (रजत) से सब इंस्पेक्टर रवि सूर्यवंशी, मधु सिंह, ज्योति बालियान (सभी पुलिस लाइन), सुरेंद्र कुमार (यातायात पुलिस), मुख्य आरक्षी विशाल कुमार (पुलिस लाइन), सोनू कुमार (साइबर सेल), नीलम राठी (महिला सुरक्षा इकाई), एलआईयू सुधीर सिंह (अभिसूचना इकाई), पंकज उपाध्याय (सर्विलांस सेल, ग्रेटर नोएडा), आरक्षी अरविंद सिंह (थाना साइबर क्राइम) और संदीप यादव (थाना नॉलेज पार्क) को सम्मानित किया गया। अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पांच शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी पुलिस कमिश्नर द्वारा सम्मानित किया गया। इनमें स्व. तीरथपाल सिंह (फायर सर्विस चालक) की पत्नी मधु तोमर, स्व. रोहित यादव (फायरमैन) की पत्नी आयुषी चौधरी, निरीक्षक स्व. सुबोध कुमार सिंह की पत्नी रजनी, है.का. स्व. बिजेंद्र कुमार की पत्नी मिथलेश और का. स्व. सुनील भाटी की पत्नी मुनेश कुमारी शामिल थीं। पुलिस कमिश्नर ने उन्हें आश्वस्त किया कि पुलिस परिवार हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ा रहेगा।