गृह मंत्री ने लगाया चार करोड़वां पौधा

0
171

Noida: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल समूह के ग्रेटर नोएडा स्थित केंद्र में पहुंचे। वहां उन्होंने चार करोड़वां पौधा लगाया। पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लेने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री ने एक कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर पौधरोपण का अभियान चलाने का निर्णय सरकार की ओर से लिया गया। तीन साल पहले विभागीय स्तर पर 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया।
अमित शाह ने कहा कि मंत्रालय में जब इस प्रकार की चर्चा हुई और अभियान को शुरू किया गया तो कई लोगों को संशय था। दिसंबर 2023 तक पांच करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य को हासिल किए जाने को लेकर अधिकारियों में खुसर-फुसर होने लगी। मैं मंत्री था। मेरे सामने तो नहीं, मेरे पीछे यह बात होती थी कि आखिर हम 5 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य को किस प्रकार पूरा कर पाएंगे। आज हमने चार करोड़वां पौधा लगाया। इसी के साथ मेरा भरोसा पुख्ता हो गया है कि दिसंबर तक हम 5 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य को हासिल कर लेंगे। अमित शाह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण सुरक्षा के मुद्दे को देश ही नहीं वैश्विक स्तर पर उठाया है। इसके लिए प्रयासों की अगुआई की है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि सीआरपीएफ के जवानों ने पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने पौधे लगाए। चार करोड़वां पीपल का पौधा लगाने का मुझे सौभाग्य मिला। यह एक उपलब्ध हमने हासिल की है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल देश की आंतरिक शांति स्थापित करने में अपनी भूमिका साबित कर चुकी है। अब यह बल लोगों की सांस को बरकरार रखने में अपनी भूमिका निभा रही है। अमित शाह ने कहा कि जब हम एक पेड़ लगाते हैं, तो हम नई पीढिय़ों के लिए ऑक्सीजन की व्यवस्था कर रहे होते हैं। हमने इसी मनोभाव के साथ इस अभियान को चलाया है। ओजोन लेयर में छेद को सीमित करने के लिए पेड़ों की संख्या में वृद्धि जरूरी है। इसके लिए हमें काम करना होगा। पेड़ लगाकर ही हम ग्लोबल वॉर्मिंग की समस्या से निजात पा सकते हैं।
सीआरपीएफ पर्यावरण सुरक्षा में भी अपनी भूमिका निभाएगी: उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए जिस प्रकार से सीआरपीएफ अग्रणी भूमिका निभाती है, उसी प्रकार से पर्यावरण सुरक्षा में भी यह बल अपनी भूमिका निभाएगी, यह हम उम्मीद करते हैं।अमित शाह ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण करना बहुत जरूरी है। यह हम सबकी जिम्मेदारी है। इस अभियान के तहत सीआरपीएफ के जवानों ने कई रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ के जवान हमेशा जनता के साथ खड़े रहे। मंत्री ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण का कार्य आगे भी जारी रहेगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए उन्होंने बलों के अधिकारियों का उत्साह बढ़ाया। गृह मंत्रालय के अधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभियान को लेकर हम आपके पीछे लगे रहे। आप जवानों के पीछे लगे और यह लक्ष्य हासिल कर लिया। अखिल भारतीय वृक्षारोपण अभियान 12 जुलाई, 2020 को गृह मंत्री की ओर से शुरू किया गया था।
सांसद डा. महेश शर्मा के साथ किया भोजन, अटकलों पर लगा विराम: शुक्रवार सुबह सेना के हेलीकॉप्टर से ग्रेटर नोएडा पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह कृभको भवन में बोर्ड ऑफ डायरेक्टर के साथ बैठक में पहुंचे। इस दौरान वन नेशन वन फर्टिलाइजर स्कीम के बारे में बातचीत की। उसकी समीक्षा भी की। उनके आगमन को लेकर प्रशासन और प्राधिकरण स्तर पर तैयारियां हो चुकी है। कृभको में बैठक के बाद गृह मंत्री सांसद डॉक्टर महेश शर्मा के निवास स्थल गए। वहां उन्होंने दोपहर का भोजन किया। इसके साथ डॉक्टर महेश शर्मा ने उन्हें प्रतीक चिन्ह भेट किया। इस मुलाकात ने उन अटकलों को भी शांत कर दिया। जिसमें डॉक्टर महेश शर्मा के पार्टी में कद कम होने की बात कही जा रही थी।