कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर निकली शोभायात्रा

0
125

Noida: भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में इस्कॉन नोएडा ने शनिवार को शोभा यात्रा का आयोजन किया। सेक्टर 18 सहित कई सेक्टर के निवासियों ने शोभा यात्रा में झूम रहे भक्तों को फूल माला पहनाकर स्वागत किया। यात्रा में बैंड इत्यादि सुन्दर बच्चों से सजी झांकियां सम्मिलित हुई। वृन्दावन की श्री राधा कृष्ण, श्री रुक्मिणी, द्वारकाधीश, श्रीकृष्ण, बलराम और सीता-राम लक्ष्मण हनुमान से सजी राम दरबार की झांकियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इस दौरान जहां सेक्टर 18 सहित कई सडक़ों पर यात्रा के चलते जाम लगा रहा।
सुन्दर सुशोभित बैलों से सुसज्जित बैलगाड़ी पर श्रीकृष्ण बलराम के विग्रहों ने शोभा यात्रा की अगुआई की। सम्पूर्ण यात्रा के दौरान हरिनाम संकीर्तन चलता रहा, जिसने नोएडा की सडक़ों को भगवान के पवित्र नाम से गुंजायमान कर दिया। भक्तगणों ने कीर्तन पर नृत्य किया। कीर्तन इतना ऊर्जा से पूर्ण था कि मार्ग में शोभा यात्रा में सम्मिलित होने वाले नोएडावासी और दर्शकगण भी स्वयं को नाचने से रोक न पाए, भक्तों के साथ-साथ वे भी झूमने लगे। शोभा यात्रा जहां से भी गुजरी वहां मार्ग में आने वाले सभी दर्शकों, भक्तों और व्यक्तियों को हलवा प्रसाद वितरित किया गया। मार्ग में आने वाले लगभग 2500 लोगों ने हलवा प्रसाद ग्रहण किया। आयोजकों ने बताया कि भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी सात सितम्बर को मनाया जाएगा। इस उत्सव के लिए भक्तगण पिछले चार माह से तैयारियों में जुटे हुए हैं।